महान फिल्म मेकर रामानंद सागर के पुत्र और निर्माता शिव सागर के पिता प्रेम सागर का आज, 31 अगस्त को 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उन्हें भारतीय सिनेमा में उनके महत्वपूर्ण योगदान और प्रतिष्ठित सागर परिवार की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए जाना जाता था. उनका अंतिम संस्कार आज जुहू स्थित पवन हंस में किया गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रेम सागर बीते कुछ समय से बीमार थे. इलाज के लिए उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. रविवार को डॉक्टरों ने उन्हें घर ले जाने की सलाह दी. आज सुबह उनका निधन हो गया.’ बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट पर किया गया.
‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल ने प्रेम सागर के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर प्रेम सागर की एक तस्वीर साझा की है और कैप्शन में लिखा है, रामायण टीवी सीरियल का स्वरूप देकर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जन-जन तक भगवान श्रीराम की मर्यादा, आदर्श और शिक्षाओं को पहुंचाने वाले स्व. श्री रामानंद सागर जी के सुपुत्र एवं प्रसिद्ध फिल्म निर्माता श्री प्रेम सागर जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवारजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति.’
वहीं, ‘रामायण’ (1987) के फेम एक्टर सुनील लहरी ने प्रेम सागर के निधन पर शोक जताया है. इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रेम सागर की तस्वीर साझा करते हुए सुनील लहरी ने कैप्शन में लिखा है, ‘यह दुःखद समाचार शेयर करते हुए अतयंत दुःख हो रहा है रामानंद सागर जी के पुत्र प्रेम सागर जी परलोक सिधार गए हैं. भगवान उनकी आत्मा को शांति दें और घरवालों को इस दुख की घड़ी सहने की शक्ति दें’.
प्रेम सागर, भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे के 1968 बैच के पूर्व छात्र थे. एफटीआईआई में उनके प्रशिक्षण ने उनके करियर को आकार दिया, जिससे उन्हें फोटोग्राफी और सिनेमैट्रोग्राफी के क्षेत्र में एक पहचान मिली. इन कौशलों के साथ, उन्होंने अपने जीवनकाल में भारतीय मनोरंजन जगत में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
प्रेम सागर ‘विक्रम और बेताल’ और ‘श्री कृष्णा’ जैसे टेलीविजन शो के लिए मशहूर हैं. इसके अलावा उन्होंने ललकार, आंखें और चरस जैसी फिल्मों में एक छायाकार के रूप में भी काम किया, जिसमें धर्मेंद्र और हेमा मालिनी ने अभिनय किया था. प्रेम ने जीतेंद्र और हेमा मालिनी अभिनीत फिल्म हम तेरे आशिक है का निर्देशन और निर्माण भी किया था.
बता दें कि प्रेम सागर विधु विनोद चोपड़ा के रिश्तेदार हैं . वे सौतेले भाई हैं और उनकी उम्र में लगभग 35 साल का अंतर है. रामानंद के पिता डीएन चोपड़ा ने शांति देवी चोपड़ा से विवाह किया था, जो विधु विनोद चोपड़ा की पहली पत्नी के निधन के बाद उनकी मां बनी थीं.
