अर्जेंटीना के सुपर स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी तीन दिवसीय भारत के दौरे पर हैं. आज रात मेसी कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां उनका शानदार स्वागत किया गया. कोलकाता में अपनी यात्रा खत्म करने के बाद आज ही शाम तक मेसी हैदराबाद के लिए रवाना हो जाएंगे. जहां वो तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में फ्रेंडली मैच खेलेंगे.
मेसी के खिलाफ मैच के लिए CM रेवंत रेड्डी पिछले कुछ दिनों से शहर के अलग-अलग मैदानों में फुटबॉल खिलाड़ियों के साथ कड़ी प्रैक्टिस भी कर रहे हैं. यह मैच मेसी के ‘GOAT टूर’ के हिस्से के तौर पर खेला जाना है. मुख्यमंत्री जर्सी नंबर 9 पहनेंगे, और मेसी अपनी मशहूर जर्सी नंबर 10 पहनेंगे.
इस मैच को देखने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी हैदराबाद पहुंचेंगे. राहुल गांधी शाम 4.30 बजे एक स्पेशल फ्लाइट से हैदराबाद पहुंचेंगे और ताज फलकनुमा पैलेस होटल जाएंगे, जहां मेसी के ठहरने का इंतजाम किया गया है. मैच देखने के बाद राहुल गांधी रात 10.30 बजे तक राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हो जाएंगे.
इस फ्रेंडली मैच के लिए RGI क्रिकेट स्टेडियम में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है. रचाकोंडा पुलिस कमिश्नर सुधीर बाबू ने कहा कि 3,000 कर्मियों द्वारा सुरक्षा प्रदान की जाएगी. हजारों प्रशंसक मैदान पर मेस्सी का जादू लाइव देखने के लिए हैदराबाद इवेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अधिकारियों ने इस इवेंट को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, जिसमें 39,000 दर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है.
पुलिस ने भीड़ प्रबंधन के लिए कई उपायों की घोषणा की है. रचाकोंडा पुलिस कमिश्नर सुधीर बाबू ने घोषणा की है कि स्टेडियम में केवल टिकट धारकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी. पुलिस ने व्यस्त उप्पल इलाके में स्थित स्टेडियम के आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए हैं. मेसी के शाम 4 बजे राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने का कार्यक्रम है. वह स्टेडियम जाने से पहले एक प्रोग्राम में शामिल होने के लिए ताज फलकनुमा होटल जाएंगे.
बहुप्रतीक्षित ‘GOAT इंडिया टूर 2025’ शनिवार रात को शुरू हुआ जब मेसी कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस हवाई अड्डे पर पहुंचे. मेस्सी के साथ, उनके इंटर मियामी टीम के साथी लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल भी भारतीय समर्थकों को खुश करने के लिए अर्जेंटीना के लीजेंड के साथ शामिल हुए. मेसी इस यात्रा में कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली का दौरा करेंगे.
