अतिरथ होल्डिंग्स इंडिया लिमिटेड द्वारा तेलंगाना राइजिंग समिट-2025 के दौरान बायो-सीएनजी क्षेत्र में तेलंगाना सरकार के साथ 4,000 करोड़ रुपये के निवेश के समझौते को औपचारिक रूप दिया गया है। यह साझेदारी राज्य के नवीकरणीय ऊर्जा मिशन में महत्त्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
अतिरथ होल्डिंग्स के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट आर. बालकृष्णन ने तेलंगाना सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के विशेष मुख्य सचिव के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। लेफ्टिनेंट आर. बालकृष्णन ने अवसर पर इस सहयोग को तेलंगाना में स्थायी ऊर्जा भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि अतिरथ होल्डिंग्स तेलंगाना के विभिन्न हिस्सों में 20 टन प्रतिदिन क्षमता वाले 25 संयंत्र स्थापित करके संपीड़ित जैव गैस (सीबीजी) क्षेत्र में 4,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस परियोजना से 9,000 से ज्यादा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इससे राज्य के युवाओं और किसानों दोनों को लाभ होगा।
तेलंगाना में पहले सीबीजी संयंत्र का शिलान्यास जनवरी में यादाद्रि भुवनगिरी जिले में होगा। इसके बाद अन्य संयंत्र भी स्थापित किए जाएँगे। पूरी परियोजना के 15 महीनों के भीतर चालू होने की उम्मीद है। आर. बालकृष्णन ने आगे कहा कि बायो-सीएनजी नवीकरणीय और स्वच्छ ईंधन है, जो अवायवीय पाचन और शुद्धिकरण के माध्यम से कार्बनिक पदार्थों से प्राप्त होता है। इसमें मीथेन की मात्रा 98 प्रतिशत से अधिक होती है। इसके गुण पारंपरिक सीएनजी से काफी मिलते-जुलते हैं, जो इसे ऑटोमोटिव, औद्योगिक और वाणिज्यिक अनुप्रयोगों में उपयोग के लिए आदर्श विकल्प बनाता है।
यह ऐतिहासिक निवेश हरित ऊर्जा और सतत विकास के केंद्र के रूप में तेलंगाना की बढ़ती प्रमुखता को रेखांकित करता है और स्वच्छ ऊर्जा पहलों और पर्यावरणीय ज़िम्मेदारी के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को पुष्ट करता है। उन्होंने कहा कि कार्बन न्यूट्रैलिटी की ओर वैश्विक बदलाव और तेलंगाना सरकार की अक्षय ऊर्जा नीति की पहल के साथ कंपनी, प्रवासी भारतीय निवेशकों और अनुभवी टेक्नोक्रेट्स की एक टीम के सहयोग से सीबीजी परियोजनाओं में निवेश करने के लिए आगे आई है, जो वर्तमान समय में राज्य सरकार का मुख्य क्षेत्र है। अतिरथ होल्डिग्स अपनी अभिनव बायो-कंप्रेस्ड गैस परियोजना के साथ तेलंगाना की अक्षय ऊर्जा में बड़े बदलाव का नेतृत्व कर रही है।
