भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तेलंगाना में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आज यानी बुधवार से दो दिनों तक कई जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने कुछ जिलों के लिए भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ और कुछ के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को अगले 72 घंटों के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने आईटी कंपनियों से कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा देने की संभावना तलाशने को भी कहा है।
जानकारी के मुताबिक, आईएमडी के मौसम केंद्र ने तेलंगाना में बुधवार से दो दिनों तक अलग-अलग स्थानों के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र की एक अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि संगारेड्डी, मेडक, विकाराबाद, खम्मम और मुलुगु जैसे तेलंगाना के केंद्रीय जिलों में आज के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है।
