ग्राम पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के नतीजे घोषित होने के बाद सोमवार को कामारेड्डी जिले में विजयी सरपंच उम्मीदवार के भाई ने हारे हुए उम्मीदवार के घर में ट्रैक्टर घुसा दिया. इसमें छह लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है. यह घटना जिले के येल्लारेड्डी मंडल के सोमारपेट गांव में हुई.
पुलिस के मुताबिक, भारत राष्ट्र समिति (BRS) द्वारा समर्थित उम्मीदवार बिटला बालाराजू चुनाव हार गए थे. उनके समर्थन में कई ग्रामीण उनके घर पर इकट्ठा हुए थे. जब लोग घर के सामने बैठे थे, तभी कांग्रेस पार्टी द्वारा समर्थित विजयी उम्मीदवार कुरमा पपैया के भाई कुरमा चिरंजीवी ने कथित तौर एक ट्रैक्टर परिसर में घुस गया.
पुलिस के मुताबिक, दो महिलाएं ट्रैक्टर के नीचे कुचल गईं और उन्हें गंभीर चोटें आईं. इनके अलावा चार अन्य लोग भी घायल हुए है, जिनमें पांच साल का बच्चा भी शामिल है. गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद के एक अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जबकि अन्य घायलों को येल्लारेड्डी के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पपय्या ने दावा किया कि वह ट्रैक्टर लेकर खेती के काम के लिए जा रहे थे. इसक दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया. हालांकि, बालाराजू के समर्थकों ने आरोप लगाया कि जानबूझकर ट्रैक्टर परिसर में घुसाया गया. समर्थकों ने कहा कि उन्हें चुनाव से पहले भी धमकियां मिली थीं.
इस घटना के बाद, बीआरएस के पूर्व विधायक जजाला सुरेंद्र और पार्टी कार्यकर्ताओं ने येल्लारेड्डी-निजामसागर हाईवे को जाम करके विरोध प्रदर्शन किया. बाद में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) श्रीनिवास राव और सर्कल इंस्पेक्टर (CI) राजा रेड्डी मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया.
अधिकारियों ने बताया, “बालाराजू की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है.” येल्लारेड्डी के विधायक मदन मोहन राव ने एक वीडियो जारी कर कहा कि दोषियों को कानून के मुताबिक सजा दी जाएगी.
