तेलंगाना विधानसभा के स्पीकर गद्दाम प्रसाद कुमार ने राज्य के पांच विधायकों के खिलाफ दायर अयोग्यता याचिकाओं को बुधवार को खारिज कर दिया. स्पीकर ने कहा कि याचिकाकर्ता यह साबित करने में नाकाम रहे कि इन विधायकों ने कांग्रेस जॉइन कर ली है. उन्होंने साफ किया कि पांचों विधायक कानूनी रूप से अभी भी भारत राष्ट्र समिति (BRS) में हैं. इस आधार पर स्पीकर ने विधायक अरिकेपुडी गांधी, महिपाल रेड्डी, तेलम वेंकट राव, बंदला कृष्णमोहन रेड्डी और प्रकाश गौड़ के खिलाफ अयोग्यता याचिका खारिज कर दी.
बीआरएस नेताओं ने स्पीकर के समक्ष कुल 10 विधायकों के खिलाफ अयोग्यता याचिका दायर की थी और उनमें से आठ की जांच पूरी हो चुकी है. सुप्रीम कोर्ट 19 दिसंबर को बीआरएस की याचिका पर फिर से सुनवाई करेगा, जिसमें स्पीकर को कडियम श्रीहरि और अन्य विधायकों के खिलाफ अयोग्यता याचिका पर जल्दी फैसला लेने के निर्देश देने की मांग की गई है.
आठ विधायकों की जांच पूरी करने वाले स्पीकर गद्दाम प्रसाद कुमार ने बुधवार को उनमें से पांच के मामले में फैसला सुनाया. काले यादैया, पोचाराम श्रीनिवास रेड्डी और संजय कुमार के बारे में फैसला गुरुवार को सुनाया जाएगा. दूसरी ओर, दानम नागेंद्र के खिलाफ दायर याचिका पर जांच अभी पूरी नहीं हुई है.
बीआरएस के जिन विधायकों पर दल-बदल करने का आरोप है, उनमें खैरताबाद से दानम नागेंद्र, घनपुर (स्टेशन) से कडियम श्रीहरि, भद्राचलम से तेलम वेंकट राव, राजेंद्रनगर से टी प्रकाश गौड़, बानसवाड़ा से पोचाराम श्रीनिवास रेड्डी, चेवेल्ला से काले यादैया, जगतियाल से डॉ संजय कुमार, गडवाल से बंदला कृष्ण मोहन रेड्डी, सेरिलिंगमपल्ली से अरिकेपुडी गांधी और पटनचेरू से जी महिपाल रेड्डी शामिल हैं.
बीआरएस नेताओं ने विधायकों को अयोग्य ठहराने की मांग करते हुए स्पीकर के पास शिकायत दर्ज कराई थी. बाद में, नेताओं ने तेलंगाना हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और आरोप लगाया कि स्पीकर ने शिकायत का जवाब नहीं दिया और समय पर कार्रवाई नहीं की. हाई कोर्ट ने स्पीकर को उन विधायकों की जांच करने का निर्देश दिया जिनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. इस आदेश से नाखुश होकर BRS नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की.
सुप्रीम कोर्ट ने 31 जुलाई को तेलंगाना विधानसभा स्पीकर को 10 विधायकों के खिलाफ शिकायतों का तीन महीने के अंदर निपटारा करने का आदेश दिया था. इसके बाद, स्पीकर प्रसाद कुमार ने BRS नेताओं की शिकायतों की जांच में तेजी लाई. नवंबर में, सुप्रीम कोर्ट ने निर्धारित तीन महीने के समय में जांच पूरी न होने पर कड़ी नाराजगी जताई. शीर्ष अदालत ने कहा कि वह इसे कोर्ट की अवमानना मानता है.
सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि फैसला जल्दी लिया जाना चाहिए. साथ ही स्पीकर को यह भी चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर उन्हें गंभीर नतीजे भुगतने होंगे. स्पीकर के ऑफिस ने सुप्रीम कोर्ट से उन आठ विधायकों के खिलाफ जांच पूरी करने के लिए और दो महीने का समय मांगा, जिन्हें नोटिस मिले थे और उन्होंने उनका जवाब दिया था.
आठों विधायकों का क्रॉस-एग्जामिनेशन पहले ही पूरा हो चुका है. स्पीकर ने विधायकों के बारे में अपना फैसला सुरक्षित रखा है, लेकिन दानम नागेंद्र और कडियम श्रीहरि को दो बार नोटिस दिए जाने के बावजूद, उन्होंने बिना कोई जवाब दिए और समय मांगा. आरोपों का सामना कर रहे इन आठ विधायकों ने अपनी दलीलों में साफ किया कि उन्होंने पार्टी नहीं बदली है. विधायकों ने स्पीकर को बताया कि वे कानूनी रूप से अभी भी BRS में हैं और आधिकारिक रूप से कांग्रेस में शामिल नहीं हुए हैं. उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री से सिर्फ अपने चुनाव क्षेत्र में विकास कार्यों से जुड़े मामलों पर मिले थे.
