आंध्र प्रदेश में श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ मचने से 9 लोगों की जान चली गई. वहीं, कई घायल बताए जा रहे हैं. पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है. वहीं, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मंदिर में हुई भगदड़ पर गहरा दुख जताया है.
यह घटना उस समय हुई जब एकादशी के अवसर पर मंदिर में हजारों की संख्या में भक्तों की भीड़ जमा हुई थी. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई. वहीं, घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया. पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना पर नजर बनाए हुए है.
राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि, उन्हें वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ की घटना से गहरा दुख हुआ है. उन्होंने कहा कि, इस दुखद घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत हृदयविदारक है.
सीएम ने कहा, “मैं मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.” उन्होंने अधिकारियों से घायलों का शीघ्र और उचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही उन्होंने स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि वे घटनास्थल का दौरा करें और राहत कार्यों का निरीक्षण करें.
वहीं, आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने श्रीकाकुलम जिले के कासीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में 9 श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है.
वहीं, डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने एक्स पोस्ट कर इस घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा, “यह अत्यंत दुखद है कि श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए उमड़े हजारों श्रद्धालुओं के कारण मची भगदड़ में 9 श्रद्धालुओं की जान चली गई…सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाएगी कि इस घटना में घायलों को सर्वोत्तम उपचार मिले…”
गृह मंत्री अनीता ने घटना पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से घटना के बारे में बात की. गृह मंत्री ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि, राहत कार्य तेज किए जाएंगे और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी. वहीं, राज्य के कृषि मंत्री के अत्चन्नायडू तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घटना की जानकारी जुटाने के लिए मंदिर के अधिकारियों से बात की. मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
एकादशी के मौके पर वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में जैसे ही भक्त गर्भगृह के करीब जाने की कोशिश करने लगे, प्रवेश द्वार के पास भीड़ बढ़ गई और अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय अधिकारी और पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं. राहत बचाव कार्य जारी है.
अधिकारी भीड़ को नियंत्रित करने और मंदिर परिसर में व्यवस्था बहाल करने के प्रयास कर रहे हैं. अचानक हुई भीड़ के कारणों की जांच की जा रही है। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और उन्हें आश्वासन दिया है कि घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है.
