तेलंगाना सरकार विकसित भारत के लिए तेलंगाना राइजिंग विज़न-2047 तैयार कर रही है। यह एक दीर्घकालिक रोडमैप है, जो भारत की आज़ादी के शताब्दी उत्सव के अवसर पर राज्य को विकास के एक समृद्ध, समावेशी और टिकाऊ मॉडल के रूप में स्थापित करने की दिशा में सहयोग करेगा। सरकार ने इसके लिए जनसामान्य से विचार आमंत्रित करने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत आज हुई। अभियान 25 अत्तूबर तक जारी रहेगा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह ऐतिहासिक पहल उन आकांक्षाओं और प्राथमिकताओं को परिभाषित करने का प्रयास करती है, जो आर्थिक विकास, कौशल और रोज़गार, महिला सशक्तिकरण, किसान समृद्धि, नवाचार, स्थिरता और नेट-ज़ीरो, सभी नागरिकों के लिए बेहतर जीवन स्तर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में तेलंगाना के विकास का मार्गदर्शन करेंगी। सरकार को विश्वास है कि इस योजना की संकल्पना से गाँव, ज़िला, कस्बा और शहर में रहने वालों के सपनों के अनुसार राज्य को आकार दिया जा सकेगा।
यह सुनिश्चित करने के लिए कि प्रत्येक नागरिक की आवाज़ सुनना अनिवार्य है। इस बात को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 10 से 25 अत्तूबर तक तेलंगाना राइजिंग विज़न-2047 नागरिक सर्वेक्षण शुरू किया है, जिसमें नागरिकों को तेलंगाना के लिए विचार और आकांक्षाएँ साझा करने और यह बताने के लिए आमंत्रित किया गया कि वह 2047 में राज्य को किस रूप में देखना चाहते हैं। यह नीति निर्माण को वास्तव में सहभागी और जन-संचालित बनाने का एक अनूठा प्रयास है।
तेलंगाना सरकार के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन ने इस पहल पर कहा कि तेलंगाना राइजिंग विज़न-2047 केवल एक नीति दस्तावेज़ नहीं है, यह जनता का सामूहिक सपना है। तेलंगाना के नागरिक राज्य के भविष्य के सच्चे निर्माता हैं। इसलिए सभी से आग्रह किया जा रहा है कि वह नागरिक सर्वेक्षण के माध्यम से विचार साझा करने के लिए कुछ मिनट निकालें और ऐतिहासिक विज़निंग अभ्यास का हिस्सा बनें।
जयेश रंजन ने कहा कि प्रत्येक नागरिक युवा, किसान, महिलाएँ, उद्यमी, छात्र, पेशेवर और वरिष्ठ नागरिक को आने वाले दशकों के लिए राज्य के विज़न को आकार देने में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है। जनसामान्य से अनुरोध किया गया कि वह विचार, आकांक्षाएँ और सुझाव से भविष्य के तेलंगाना को आकार देने वाली प्राथमिकताओं को परिभाषित करने में मदद करें। इसके लिए https://www.telangana.gov.in/telanganarising/ पर संपर्क किया जा सकता है।
