कल्याण संस्था ने अनुराग चिल्ड्रन होम और अनाथालय के बच्चों के लिए दशहरा (विजयादशमी) का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया। यह समारोह मौलाली स्थित अनाथालय परिसर में सुबह ११ बजे शुरू हुआ, जिसका उद्देश्य बच्चों के जीवन में खुशी और भारतीय संस्कृति के मूल्यों का संचार करना था। कल्याण संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ मिलकर एक छोटा नृत्य प्रस्तुत किया। इस मनमोहक प्रस्तुति को देखकर सभी दर्शक भावुक हो उठे और तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संस्था के कार्यकर्ताओं और बच्चों के बीच हुई रस्सा खींच एवं चोर पुलिस का खेल रहा।

इस अवसर पर बच्चों के लिए कई मनोरंजक खेल और सांस्कृतिक गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं, जिसके बाद सभी को विशेष भोजन परोसा गया। कल्याण संस्था के अध्यक्ष आरोही रावत ने इस अवसर पर कहा, “दशहरा का पर्व हमें सिखाता है कि सत्य की हमेशा जीत होती है। हमारा प्रयास है कि अनुराग चिल्ड्रन होम के ये बच्चे भी समाज की मुख्य धारा से जुड़कर जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करें। बच्चों के चेहरों पर खुशी देखना ही हमारी संस्था का सबसे बड़ा पुरस्कार है।”
अनुराग चिल्ड्रन होम और अनाथालय के प्रबंधक नीता , ने कल्याण संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “कल्याण संस्था का यह कदम सराहनीय है। ऐसे आयोजन बच्चों को एक सामान्य और खुशहाल बचपन देने में मदद करते हैं।


इस समारोह में कल्याण संस्था के सभी सदस्य शामिल हुए,जिसमें कोषाध्यक्ष आदित्य ,प्रभा पेटवाल, सुनील पेटवाल,अमित थपलियाल अभिलाष, बबीता, सावित्री रावत एवं सुभाष चंद्रा ने मुख्य भूमिका निभाई। बच्चों को उपहार दिए और उन्हें आशीर्वाद दिया। कल्याण संस्था आगे भी समाज के वंचित वर्ग, विशेषकर बच्चों के लिए, इस प्रकार के कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
