हैदराबाद, जग्तियाल जिला, रेचापल्ली में सोशल मीडिया पर युवती की फोटो अपलोड करने वाले एक युवक की हत्या के आरोप में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। डीएसपी रघुचंदर ने बताया कि रेचापल्ली के ई. सतीश को अपनी बस्ती में ही रहने वाली युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वे पिछले दो वर्षों से परिवार वालों की चोरी से एक-दूसरे से मिल रहे थे।
डीएसपी ने बताया कि कुछ दिनों पहले एक-दूसरे से अलग होने से पूर्व दोनों ने तीन माह तक सहजीवन व्यतीत किया था। इसके बाद पिछले कुछ दिनों से वे अलग रह रहे थे। इसी बीच, कुछ दिनों पहले सतीश ने युवती के साथ अपनी फोटो को सोशल मीडिया में पोस्ट कर दिया था, तब से ही युवती के परिवार वाले उसे सबक सिखाने की फिराक में थे। युवती के रिश्तेदारों के गुस्से को भांपते हुए सतीश गांव के दूर अपने रिश्तेदार के घर में रहने लगा था।
इसी क्रम में गत शनिवार की रात युवती के रिश्तेदारों को सतीश के ठिकाने का पता लग गया। इसके बाद उन्होंने सतीश के चेहरे पर मिर्च पाउडर छिड़कने के बाद लकड़ी से बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना में सतीश की मौके पर ही मौत हो गई।सतीश की मौत की पुष्टि होने के बाद युवती के रिश्तेदार फरार हो गए। सतीश के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में भेजा गया। सतीश के पिता राजम की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए कल रात युवती के चार रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
