उत्तर भारत के कई राज्यों की तरह इन दिनों तेलंगाना में भी शीतलहर चल रही है. इससे ठिठुरन बढ़ने के साथ ही तापमान गिरने से लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है. वहीं कई जिलों में असामान्य रूप से कम तापमान दर्ज किया गया है.
इस बारे में भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को बताया कि तेलंगाना के हनमकोंडा, मेडक और संगारेड्डी जिलों में कुछ जगहों पर बहुत ज़्यादा ठंड पड़ रही है. साथ ही आदिलाबाद, रंगारेड्डी जिलों में कुछ जगहों पर शीत लहर की स्थिति बनी हुई है.
बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक हैदराबाद के बाहरी इलाके पटनचेरू और कुमुराम भीम आसिफाबाद जिले के गिन्नधारी में सबसे कम 5.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
दक्षिणी राज्य के 26 जिलों में तापमान 10 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया. वहीं 13 जिलों में तापमान 8 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया, जो दिखाता है कि शीतलहर कितनी गंभीर है.
आईएमडी ने कहा है कि देश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों से तेलंगाना की ओर चल रही हवाओं के कारण शीत लहर जारी है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि शुक्रवार और शनिवार को भी यही स्थिति बनी रहेगी और तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक कम होने की संभावना है.
इसमें बताया गया है कि जनगांव को छोड़कर सभी जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड होने की संभावना है. 32 जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ चेतावनी जारी की गई है.
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में तापमान बहुत कम है. लोग घरों से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहन रहे हैं. शहर और उसके बाहरी इलाकों में लोग स्वेटर पहनकर मॉर्निंग वॉक करते दिख रहे हैं.
