पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान से एशिया कप में क्रिकेट मैच खेलने को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। विपक्ष के काफी दलों के नेता मैच को रद्द करने की मांग चुके हैं। बुधवार को एआईएमआईएम के नेता और हैदराबाद से सांसद असुदद्दीन ओवैसी ने कहा कि जब पानी बंद है, व्यापार बंद है, वीजा नहीं दे रहे हैं तो फिर मैच क्यों? ओवैसी ने कहा है कि वह एशिया कप में 14 सितंबर की शाम साढ़े सात बजे होने वाले मैच को नहीं देखेंगे। भारत पाकिस्तान के बीच आखिरी मैच 23 फरवरी, 2025 को खेला गया था। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से शिकस्त दी थी। यह मैच चैंपियंस ट्रॉफी में खेला गया था।
मीडिया से बातचीत में ओवैसी ने कहा कि ऐसा देश जो रोज धमकी देता है। उसके साथ क्रिकेट मैच कैसे खेल सकते हैं। ओवैसी ने कहा कि मेरा जमीर गंवारा नहीं करता। मैं भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच नहीं देखूंगा। जब देश हमें लगातार धमका रहा है, तो मैं देख भी नहीं सकता। हम उनके साथ मैच क्यों खेलें? पानी से बढ़कर कुछ नहीं है, आपने उन्हें पानी देना बंद कर दिया, व्यापार बंद है, वाघा बॉर्डर बंद है, फिर इस मैच की क्या जरूरत है? एशिया कप में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। दोनों देश ग्रुप ए में हैं। भारत पाकिस्तान के अलावा ओमान और यूएई भी हैं।
